केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2026 के 10वें संस्करण की थीम “स्केल विदाउट बाउंड्रीज़” (सीमाओं से परे विस्तार) का अनावरण किया। एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल प्रौद्योगिकी मंच 7 से 10 अक्टूबर 2026 तक यशोभूमि (इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर), नई दिल्ली में आयोजित होगा। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी और दूरसंचार विभाग के सचिव अमित अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
इस वर्ष की थीम भारत की उस सोच को दर्शाती है, जिसके तहत प्रौद्योगिकी, नवाचार और डिजिटल कनेक्टिविटी को देश की सीमाओं से आगे वैश्विक स्तर तक पहुंचाया जाएगा। सम्मेलन चार प्रमुख स्तंभों—सृष्टि (नवाचार), सुरक्षा (विश्वसनीय डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र), सशक्त (समावेशी डिजिटल अवसर) और संवर्धन (आर्थिक विकास एवं रोजगार)—पर आधारित होगा।
आईएमसी 2026 में 5जी, 6जी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), क्लाउड एवं एज कंप्यूटिंग, उपग्रह संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, क्वांटम प्रौद्योगिकी तथा हरित प्रौद्योगिकियों से जुड़े नवीनतम नवाचार प्रदर्शित किए जाएंगे। साथ ही, स्टार्टअप कार्यक्रम ASPIRE के माध्यम से नवाचारों को निवेशकों और उद्योग जगत से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत अब केवल प्रौद्योगिकी का उपभोक्ता नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर प्रौद्योगिकी का डिज़ाइन, विकास और विस्तार करने वाला देश बन रहा है। उनका कहना था कि “वोकल फॉर लोकल” से “लोकल फॉर ग्लोबल” की यात्रा भारत को विकसित भारत@2047 के लक्ष्य की ओर अग्रसर कर रही है।
इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 सरकार, उद्योग, स्टार्टअप, शोध संस्थानों और निवेशकों के बीच सहयोग को बढ़ावा देते हुए भारत को वैश्विक डिजिटल एवं दूरसंचार नवाचार के अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


