अर्जुन पुरस्कार के लिए मीराबाई चानू के नाम पर विचार करने की मांग

केन्द्रीय आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रतापराव गणपतराव जाधव ने युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया को पत्र लिखकर भारत की स्टार भारोत्तोलक एवं ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू को इस वर्ष के प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित करने का आग्रह किया है।

अपने पत्र में श्री जाधव ने मीराबाई चानू की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों और भारतीय भारोत्तोलन में उनके असाधारण योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में कई स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि चानू ने विभिन्न राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतने का गौरव हासिल किया तथा 48 किलोग्राम भार वर्ग में स्नैच, क्लीन एंड जर्क और कुल भार उठाने की स्पर्धाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

श्री जाधव ने कहा कि मीराबाई चानू को पहले ही मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार और पद्म श्री जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है, लेकिन उनका बचपन का सपना अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करना अब भी अधूरा है। उन्होंने खेल मंत्री से उनके नामांकन पर सकारात्मक विचार करने का अनुरोध करते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों, समर्पण और भारतीय खेलों में अमूल्य योगदान का उचित सम्मान होगा। साथ ही, मणिपुर के एक छोटे से गांव से विश्व स्तर की खिलाड़ी बनने तक की उनकी प्रेरणादायक यात्रा देश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

संबंधित लेख

- Advertisement -spot_img

नवीनतम