भारत 17 से 19 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि (इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर) में सेमीकॉन इंडिया 2026 की मेजबानी करेगा। पांचवें संस्करण का उद्घाटन 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। आयोजन का आधिकारिक विषय “Silicon to Systems: Building the Ecosystem” रखा गया है।
भारत सेमीकंडक्टर मिशन, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स सप्लाई चेन संगठन SEMI के सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन में 500 से अधिक प्रदर्शक और 290 से ज्यादा विदेशी कंपनियां शामिल होंगी। 40 से अधिक देशों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, मलेशिया, जर्मनी और नीदरलैंड के देश-विशेष पवेलियन भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
लगभग 18,000 वर्ग मीटर में प्रदर्शनी और 360 वर्ग मीटर के वर्कफोर्स डेवलपमेंट क्षेत्र के जरिए चिप निर्माण के साथ कुशल मानव संसाधन पर भी जोर दिया जाएगा।
सरकार द्वारा हाल में मंजूर ISM 2.0 के तहत चिप डिजाइन, फैब, उन्नत पैकेजिंग, उपकरण, सामग्री, अनुसंधान और प्रतिभा विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण में स्वीकृत 5-6 सेमीकंडक्टर परियोजनाओं में 2026 के अंत तक व्यावसायिक उत्पादन शुरू होने की संभावना है। इससे भारत की घरेलू चिप उत्पादन क्षमता बढ़ाने और आयात निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।


