आगामी चेहल्लुम पर्व-2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सीवान सदर अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। अनुमंडल पदाधिकारी, सीवान सदर द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, शहर में निकलने वाले ताजिया, अखाड़ा और जुलूस के दौरान सुरक्षा और एहतियात के तौर पर विद्युत आपूर्ति बाधित रखने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन द्वारा तय किए गए शेड्यूल के मुताबिक, सीवान शहरी क्षेत्र में दिनांक 03.08.2026 की रात्रि 12:30 बजे से सुबह समाप्ति तक तथा 04.08.2026 को संध्या 05:30 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इसके अलावा, सदर अनुमंडल के अन्य स्थानीय प्रखंडों में भी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और सहायक अभियंता के आपसी समन्वय से जुलूस के मार्ग पर विद्युत आपूर्ति बाधित रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव हो सके और पर्व आपसी सौहार्द के साथ संपन्न हो।



