लखनऊ में 3-4 अगस्त को होगी ब्रिक्स राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालयों के प्रमुखों की बैठक

भारत की अध्यक्षता में 3 से 4 अगस्त 2026 तक उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालयों (एनएसओ) के प्रमुखों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात सहित ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

वर्ष 2026 में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का विषय “सुदृढ़शीलता, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण” है, जबकि सांख्यिकी ट्रैक का विषय “परिवर्तन के प्रेरक के रूप में गुणवत्तापूर्ण सांख्यिकी” रखा गया है। इसका उद्देश्य उच्च गुणवत्ता वाले आंकड़ों, नवाचार, प्रभावी डेटा प्रसार और जन-केंद्रित सांख्यिकीय प्रणालियों को बढ़ावा देना है, ताकि साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण और सतत विकास को मजबूती मिल सके।

बैठक में ब्रिक्स संयुक्त सांख्यिकी प्रकाशन (JSP) और स्नैपशॉट ब्रिक्स प्रकाशन को और सुदृढ़ बनाने, राष्ट्रीय सांख्यिकी प्रणालियों में नवाचार, डेटा मानकों के सामंजस्य तथा सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान पर चर्चा होगी। इससे सदस्य देशों के बीच सांख्यिकीय सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

बैठक के साथ दो विशेष सह-कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 3 अगस्त को प्रशासनिक डेटा की क्षमता को उजागर करना तथा 4 अगस्त को विकसित होते डेटा पारिस्थितिकी तंत्र में एआई की तैयारी विषय पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे। इन कार्यक्रमों में नीति-निर्माताओं, शिक्षाविदों, थिंक टैंकों, तकनीकी विशेषज्ञों और नागरिक समाज संगठनों की भी भागीदारी होगी।

संबंधित लेख

- Advertisement -spot_img

नवीनतम