ग्वालियर में बनेगा देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश उच्च प्रौद्योगिकी विनिर्माण के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करने जा रहा है। भारत सरकार के संचार मंत्रालय और दूरसंचार विभाग की पहल पर ग्वालियर में देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (TMZ) स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए मध्यप्रदेश शासन और दूरसंचार विभाग के बीच नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) किया जाएगा, जिसके बाद विशेष प्रयोजन कंपनी (SPV) का गठन कर परियोजना का कार्य शुरू होगा।

लगभग 350 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह अत्याधुनिक औद्योगिक क्लस्टर मोबाइल उपकरण, नेटवर्क इक्विपमेंट, ऑप्टिकल फाइबर, सेमीकंडक्टर तथा 5जी-6जी अनुसंधान एवं विकास जैसी दूरसंचार उद्योग की पूरी मूल्य श्रृंखला को एक ही परिसर में स्थापित करेगा। परियोजना के पहले चरण के लिए केंद्र सरकार ने 493 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है, जबकि राज्य सरकार लगभग 596 करोड़ रुपये मूल्य की 170 एकड़ भूमि निःशुल्क उपलब्ध करा रही है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना से आने वाले वर्षों में 12 से 15 हजार करोड़ रुपये के निवेश और लगभग 5,000 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है। डिक्सन टेक्नोलॉजीज़, एचएफसीएल, तेजस नेटवर्क्स, वीवीडीएन और सिरमा एसजीएस जैसी प्रमुख कंपनियां इसमें एंकर निवेशक के रूप में शामिल होंगी।

सरकार ने निवेश आकर्षित करने के लिए पूंजी अनुदान, सस्ती भूमि, बिजली शुल्क में छूट, स्टाम्प ड्यूटी प्रतिपूर्ति, मालभाड़ा सब्सिडी तथा अनुसंधान एवं विकास सहायता जैसे कई विशेष प्रोत्साहन भी घोषित किए हैं। यह परियोजना इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग, इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन और टेलीकॉम टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट फंड जैसी राष्ट्रीय पहलों के साथ मिलकर भारत को दूरसंचार क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और ग्वालियर को देश के प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूरसंचार विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

संबंधित लेख

- Advertisement -spot_img

नवीनतम