बिहार के हाई स्कूलों में शुरू होंगी बिहार स्कूल लाइव क्लासेज, विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त डिजिटल शिक्षा

बिहार के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 16 जुलाई को पटना के राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर में ‘बिहार स्कूल लाइव क्लासेज’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस पहल के माध्यम से राज्य के हाई स्कूलों में डिजिटल एवं लाइव शिक्षण व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों से सीधे पढ़ने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा संचालित ऑनलाइन कोचिंग क्लासेज के तहत JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कार्यक्रम की भी शुरुआत की गई। पहले चरण में राजधानी पटना के 10 चयनित मॉडल विद्यालयों को लाइव शिक्षण प्रणाली से जोड़ा गया है। विद्यालय में आधुनिक स्मार्ट क्लासरूम और इंटरैक्टिव पैनल आधारित शिक्षण व्यवस्था का भी उद्घाटन किया गया, जिससे पढ़ाई अधिक प्रभावी और सहभागितापूर्ण बनेगी।

मुख्यमंत्री ने विद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं और सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा विद्यालय की छात्राओं को हॉकी किट भी वितरित की गई।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग ने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से 7 स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इन साझेदारियों के माध्यम से विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), STEM शिक्षा, गणित-विज्ञान, कोडिंग, डिज़ाइन थिंकिंग, प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण, शिक्षक प्रशिक्षण और AI आधारित मूल्यांकन जैसी आधुनिक सुविधाएँ पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएँगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल बिहार के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है और राज्य की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।

संबंधित लेख

- Advertisement -spot_img

नवीनतम