तमिलनाडु के नागरकोइल के 17 वर्षीय शतरंज खिलाड़ी एस. अश्वथ ने 8 जुलाई 2026 को भारत के 98वें ग्रैंडमास्टर बनने का गौरव हासिल किया। उन्होंने पुणे इंटरनेशनल ग्रैंडमास्टर टूर्नामेंट में अपना तीसरा और अंतिम ग्रैंडमास्टर नॉर्म प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की। अश्वथ ने नौ दौर में सात अंक अर्जित कर दूसरा स्थान प्राप्त किया तथा अंतिम मुकाबले में अमेरिका के एफएम कन्नन वैद्यनाथन को हराया। इससे पहले वे 2025 में ग्रेंके ओपन और बुडापेस्ट के फर्स्ट सैटरडे टूर्नामेंट में दो ग्रैंडमास्टर नॉर्म हासिल कर चुके थे तथा 2500 फिडे रेटिंग का मानदंड भी पूरा कर लिया था। कक्षा 10 की परीक्षा की तैयारी के कारण छह माह तक शतरंज से दूर रहने के बावजूद उन्होंने शानदार वापसी की। एस. अश्वथ तमिलनाडु के 38वें ग्रैंडमास्टर बने हैं। उनकी उपलब्धि के साथ भारत अब 100 ग्रैंडमास्टरों के ऐतिहासिक आंकड़े से केवल दो कदम दूर रह गया है।


