लद्दाख प्रशासन ने देश की पहली गाइडेड हाई-एल्टीट्यूड वाइल्डलाइफ सफारी को मंजूरी दे दी है। हिमालयी पारिस्थितिकी और वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देने वाली इस पहल के तहत हेमिस नेशनल पार्क, चांगथांग, नुब्रा, जांस्कर और कारगिल जैसे क्षेत्रों में स्नो लेपर्ड और पक्षी-दर्शन के लिए विशेष ट्रेल विकसित किए जाएंगे।
काजीरंगा और रणथंभौर की तर्ज पर चलने वाली इस सफारी में ओपन-बैक जीप वाहनों का उपयोग किया जाएगा। पर्यटकों की सुरक्षा और वन्यजीवों की संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केवल प्रशिक्षित स्थानीय ड्राइवर और गाइड ही इन दौरों का संचालन करेंगे। SHAN Conservation Society की पहली गवर्निंग बॉडी बैठक में यह निर्णय लिया गया, जिसकी अध्यक्षता उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने की।
प्रशासन ने 20 स्थानीय युवाओं को बर्ड-वॉचिंग और वन्यजीव व्याख्या के लिए प्रशिक्षित करने तथा प्रमुख स्थलों पर 10 बर्ड-वॉचिंग हाइड्स बनाने का लक्ष्य रखा है। उल्लेखनीय है कि लद्दाख में देश के सर्वाधिक लगभग 477 स्नो लेपर्ड पाए जाते हैं। यह योजना एक ओर जहां उच्च-ऊंचाई वाले पर्यटन को नई दिशा देगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाएगी।


