मध्यप्रदेश की पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू, इंदौर से आबू धाबी अब सिर्फ 3 घंटे 15 मिनट में

मध्यप्रदेश ने वैश्विक हवाई संपर्क के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय डायरेक्ट उड़ान की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को देवी अहिल्याबाई होल्कर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, इंदौर से इंदौर-आबू धाबी नियमित हवाई सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह उड़ान मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत शुरू की गई है और फिलहाल सप्ताह में चार दिन—सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार संचालित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उड़ान केवल दो शहरों को नहीं, बल्कि भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच व्यापार, पर्यटन, निवेश और सांस्कृतिक संबंधों को भी नई मजबूती देगी। पहले इंदौर से आबू धाबी पहुंचने में लगभग 8 घंटे लगते थे, जबकि अब यह दूरी सिर्फ 3 घंटे 15 मिनट में तय होगी। इस मार्ग का संचालन एयर इंडिया एक्सप्रेस (टाटा समूह) द्वारा किया जाएगा।

राज्य सरकार इस अंतरराष्ट्रीय उड़ान के लिए प्रति उड़ान लगभग 15 लाख रुपये की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) प्रदान करेगी, जिससे यात्रियों पर किराए का बोझ भी काफी कम होगा। सरकार घरेलू नए हवाई मार्गों के लिए भी अधिकतम 10 लाख रुपये तक की VGF सहायता उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में रीवा, इंदौर, दिल्ली और रायपुर के बीच हवाई सेवाएं पहले से संचालित हैं, जबकि जल्द ही जबलपुर-कोलकाता, भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना और रीवा-कोलकाता उड़ानें भी शुरू की जाएंगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पीएमश्री हेली सर्विस और जरूरतमंदों के लिए पीएमश्री एयर एंबुलेंस जैसी सेवाएं भी शुरू की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर-आबू धाबी की यह सीधी उड़ान मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय व्यापार, निवेश और पर्यटन के नए अवसर प्रदान करेगी तथा प्रदेश की वैश्विक पहचान को और मजबूत बनाएगी।

संबंधित लेख

- Advertisement -spot_img

नवीनतम