‘नशा मुक्त युवा’ कार्यक्रम में भारती विद्या मंदिर की छात्राओं परिधि-प्रियांशी ने मोहा मन

सीवान। ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान’ के तहत सोमवार को जिले के अंबेडकर भवन स्थित संवाद कक्ष में जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘मेरा युवा भारत’ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे 200 से अधिक युवा-युवतियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सिवान के मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त अमिताभ सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने प्रतिभागियों एवं उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही स्वस्थ समाज और विकसित भारत का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी तथा अधीक्षक, उत्पाद विभाग सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में म्यूजिक एवं रैप, वाद-विवाद, स्लोगन लेखन, चित्रकला, नृत्य, नुक्कड़ नाटक, स्लैम पोएट्री, रील मेकिंग और लघु फिल्म जैसी विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एकल नृत्य में भारती विद्या मंदिर, लक्ष्मीपुर, सिसवन ढाला, सीवान की छात्राओं परिधि तिवारी एवं प्रियंशी शर्मा की प्रस्तुतियों को विशेष रूप से सराहा गया। विद्यालय की छात्राएं उप-प्रधानाचार्य दिव्या चौरसिया के नेतृत्व में कार्यक्रम में शामिल हुईं।

पेंटिंग प्रतियोगिता में गुड़िया कुमारी ने प्रथम, दिव्यांशु शर्मा ने द्वितीय तथा विवेक कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्लोगन लेखन में दामिनी कुमारी प्रथम रहीं, जबकि वाद-विवाद प्रतियोगिता में सागर राज विजेता बने।

भारती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य मनीष चन्द्रा एवं निदेशक माला मेश्राम ने छात्राओं की शानदार उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी विजेता छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

संबंधित लेख

- Advertisement -spot_img

नवीनतम