पटना स्थित ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान (एलएनएमआई) में ‘आगाज-2026’ इंडक्शन एंड ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान के विकास और विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने ‘गंगा टू ग्लोबल’ पहल की घोषणा करते हुए कहा कि प्रत्येक सत्र में लगभग 100 विद्यार्थियों को एक महीने के लिए विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों में सीखने और एक्सपोजर विजिट के लिए भेजा जाएगा। इसका उद्देश्य बिहार के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक तकनीक और वैश्विक कार्य संस्कृति से परिचित कराना है।
संस्थान की क्षमता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। वर्तमान में करीब 1,600 विद्यार्थियों वाले संस्थान की क्षमता बढ़ाकर 3,000 विद्यार्थियों तक करने की योजना है। इसके अलावा पटना में प्रस्तावित नए टाउनशिप में एलएनएमआई के सैटेलाइट कैंपस की स्थापना के लिए 10 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।
संस्थान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, सेंटर फॉर अर्बन पॉलिसी एंड गवर्नेंस और क्वांटम कंप्यूटर सेंटर स्थापित करने की भी योजना है।
मुख्यमंत्री ने 2026 के छह गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया और नवप्रवेशित छात्रों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा राज्य की ऐतिहासिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाई देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। समारोह में कई वरिष्ठ अधिकारी और शिक्षाविद मौजूद रहे।


