आस्था का सम्मान, कानून का पालन, सिवान में शांति से समझौता नहीं- डीएम

आज दिनांक 24 अगस्त 2026 को जिला पदाधिकारी, सिवान विजय प्रकाश मीणा एवं पुलिस अधीक्षक, सिवान भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में मिलाद-उल-नबी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी, सिवान ने कहा कि मिलाद-उल-नबी पर्व के अवसर पर जिले में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव एवं परंपरागत सौहार्द बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के अवसर पर डीजे, आर्केस्ट्रा, तलवार, भाला, अश्लील नृत्य-गान तथा अभद्र अथवा सांप्रदायिक टिप्पणी पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि जुलूस निकालने के लिए सक्षम प्राधिकार से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा तथा निर्धारित शर्तों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी जाएगी। किसी भी व्यक्ति द्वारा आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट, संदेश अथवा संवाद प्रसारित किए जाने पर उसके विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आमजन से सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट सूचना को प्रसारित नहीं करने तथा सत्यापित जानकारी पर ही विश्वास करने की अपील की गई।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि मिलाद-उल-नबी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए जिले के आवश्यक एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पाए जाने पर तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा शांति समिति के सम्मानित सदस्यों से उनके बहुमूल्य सुझाव एवं अनुभव साझा करने का आग्रह किया गया। सदस्यों द्वारा क्रमवार फीडबैक देते हुए विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण सुझाव एवं आवश्यक जानकारियां साझा की गईं। प्रशासन द्वारा सभी उपयोगी सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।

पर्व के अवसर पर नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था हेतु भी आवश्यक निर्देश दिए गए। कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, सिवान को शहरी क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही, कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल को पर्व के अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, सिवान सदर से समन्वय स्थापित कर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक, सिवान भारत सोनी ने कहा कि विधि-व्यवस्था में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने वाले अथवा कानून का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भी सोशल मीडिया पर सतत निगरानी की बात दोहराते हुए कहा कि आपत्तिजनक एवं अफवाहजनक पोस्ट करने वालों को चिह्नित कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाएगी। विशेष रूप से बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से संवेदनशील स्थानों एवं जुलूस मार्गों पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी। शांति समिति के सभी सदस्यों से किसी भी महत्वपूर्ण सूचना अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी अविलंब प्रशासन एवं पुलिस को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी शांति समिति सदस्यों ने एकमत होकर मिलाद-उल-नबी पर्व को पारंपरिक, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया। बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारीगण एवं जिला शांति समिति के सम्मानित सदस्यगण उपस्थित रहे।

संबंधित लेख

- Advertisement -spot_img

नवीनतम