अमृत भारत स्टेशन योजना: प्रधानमंत्री मोदी ने 75 आधुनिक रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को किया समर्पित

भारत के रेलवे बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। यह देशभर में रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि है।

यह अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रधानमंत्री द्वारा किया गया दूसरा राष्ट्रव्यापी लोकार्पण कार्यक्रम है। इससे पहले 22 मई 2025 को उन्होंने 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विकसित 103 अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया था।

इस चरण में 20 राज्यों में स्थित 75 रेलवे स्टेशनों का लगभग 1,570 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक पुनर्विकास किया गया है। इन स्टेशनों को केवल आधुनिक परिवहन केंद्र ही नहीं, बल्कि यात्री-केंद्रित, स्मार्ट और भविष्य के अनुरूप ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया गया है।

पुनर्विकसित स्टेशनों में यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्रवेश एवं निकास मार्ग, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, अत्याधुनिक सूचना प्रणाली, स्वच्छता व्यवस्था, लिफ्ट, एस्केलेटर, पर्याप्त पार्किंग तथा डिजिटल सेवाओं जैसी अनेक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

इन स्टेशनों की एक विशेषता यह भी है कि उनकी वास्तुकला (Architecture) को स्थानीय संस्कृति, इतिहास और क्षेत्रीय विरासत के अनुरूप तैयार किया गया है, जिससे प्रत्येक स्टेशन अपने क्षेत्र की पहचान और सांस्कृतिक विशेषताओं को प्रदर्शित करता है। साथ ही भविष्य में बढ़ने वाली यात्री संख्या और परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इनके बुनियादी ढांचे को भी सुदृढ़ बनाया गया है।

अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य देशभर के रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करना, यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाना तथा रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक परिवहन प्रणाली के रूप में विकसित करना है। यह पहल भारत में रेलवे अवसंरचना के व्यापक आधुनिकीकरण और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

संबंधित लेख

- Advertisement -spot_img

नवीनतम