दुनिया का सबसे पुराना दिनांकित बरगद बिहार में मिला

बिहार के मुंगेर स्थित एक ऐतिहासिक वटवृक्ष (बरगद) को वैज्ञानिकों ने दुनिया का सबसे पुराना सटीक रूप से दिनांकित बरगद घोषित किया है। उच्च-परिशुद्धता रेडियोकार्बन डेटिंग तकनीक से इसकी आयु लगभग 700 वर्ष निर्धारित की गई है। यह उपलब्धि भारत की प्राकृतिक धरोहर के साथ-साथ उष्णकटिबंधीय वृक्षों की आयु निर्धारण संबंधी वैज्ञानिक अनुसंधान में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस शोध के निष्कर्ष अंतरराष्ट्रीय जर्नल Quaternary Research में प्रकाशित हुए हैं।

यह विशाल बरगद मुंगेर स्थित इंडियन टोबैको कंपनी (आईटीसी) परिसर में स्थित है। सामान्यतः बरगद जैसे उष्णकटिबंधीय वृक्षों में स्पष्ट वार्षिक वृक्ष-वलय नहीं बनते, जिससे उनकी आयु का निर्धारण पारंपरिक डेंड्रोक्रोनोलॉजी तकनीक से संभव नहीं होता। इस चुनौती को दूर करने के लिए वैज्ञानिकों ने लकड़ी से प्राप्त अल्फा-सेल्यूलोज का उपयोग कर उच्च-परिशुद्धता रेडियोकार्बन डेटिंग तकनीक अपनाई।

इस अध्ययन का नेतृत्व बिरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान, लखनऊ की वैज्ञानिक डॉ. त्रिना बोस ने किया। शोध से यह भी स्पष्ट हुआ कि यह बरगद आसपास के ऐतिहासिक निर्माणों से भी कई शताब्दियों पुराना है। यह वृक्ष संभवतः उस प्राचीन प्राकृतिक वन का जीवित अवशेष है, जो कभी इस पूरे क्षेत्र में फैला हुआ था। यह खोज भारत के राष्ट्रीय वृक्ष बरगद के ऐतिहासिक, वैज्ञानिक और पारिस्थितिक महत्व को और अधिक मजबूत करती है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles