अमेरिका के न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी राज्यों ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को क्रमशः “India Independence Day” और “Indian Independence Day” के रूप में मान्यता दी है। दोनों राज्यों के गवर्नरों ने इस संबंध में औपचारिक प्रोक्लेमेशन जारी किए।
न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल और न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने 15 अगस्त के लिए घोषणाओं पर हस्ताक्षर किए। हालांकि, इन प्रोक्लेमेशन का अर्थ संघीय अवकाश घोषित करना नहीं है, लेकिन ये भारतीय-अमेरिकी समुदाय और भारत की विरासत को सार्वजनिक रूप से सम्मान देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
न्यू जर्सी की घोषणा में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, व्यवसाय और नागरिक नेतृत्व में योगदान को रेखांकित किया गया। वहीं न्यूयॉर्क की घोषणा में राज्य की आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में भारतीय-अमेरिकियों की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया गया।
भारतीय महावाणिज्य दूतावास, न्यूयॉर्क ने भी इन घोषणाओं का स्वागत किया। दोनों राज्यों में भारतीय मूल की बड़ी आबादी रहती है और भारत-अमेरिका संबंधों में प्रवासी समुदाय महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इससे पहले मैसाचुसेट्स और बोस्टन भी 15 अगस्त को ‘India Day’ के रूप में मान्यता दे चुके हैं। यह घटनाक्रम भारतीय संस्कृति और स्वतंत्रता दिवस की बढ़ती वैश्विक पहचान को दर्शाता है।


