श्रीनगर में पहली बार ईरानी कप की मेजबानी करेगा जम्मू-कश्मीर

जम्मू-कश्मीर 1 से 5 अक्टूबर 2026 तक श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में प्रतिष्ठित ईरानी कप की मेजबानी करेगा। पांच दिवसीय प्रथम श्रेणी मुकाबले में जम्मू-कश्मीर और रेस्ट ऑफ इंडिया की टीमें आमने-सामने होंगी। यह आयोजन जम्मू-कश्मीर क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव और क्षेत्र की आयोजन क्षमता के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ईरानी कप भारतीय घरेलू क्रिकेट का प्रतिष्ठित मुकाबला है, जो रणजी ट्रॉफी विजेता और रेस्ट ऑफ इंडिया के बीच खेला जाता है। जम्मू-कश्मीर ने 2025-26 रणजी ट्रॉफी में कर्नाटक को पहली पारी की बढ़त के आधार पर हराकर अपना पहला खिताब जीता था। इसी उपलब्धि के कारण उसे ईरानी कप में खेलने का अवसर मिला है।

लगभग 5,000 दर्शकों की क्षमता वाले शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम को मैच के लिए कमेंट्री बॉक्स, मीडिया सुविधाओं और लाइव प्रसारण से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करना होगा।

श्रीनगर में इससे पहले 9 सितंबर 1986 को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे मैच खेला गया था। लगभग चार दशक बाद बड़े स्तर के क्रिकेट आयोजन की वापसी स्थानीय क्रिकेट के लिए अहम है।

टीम के अनुभवी बल्लेबाज पारस डोगरा और तेज गेंदबाज औकिब नबी डार जम्मू-कश्मीर की मजबूत टीम के प्रमुख नाम हैं। इरानी कप की मेजबानी से क्षेत्र में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे और प्रतिभाओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

संबंधित लेख

- Advertisement -spot_img

नवीनतम