सिवान, 29 जुलाई। प्रज्ञा भारती एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी बालिकाओं के लिए ‘प्रज्ञा शिक्षा सारथी योजना 2026’ की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत भारती विद्या मंदिर, लक्ष्मीपुर, सिसवन ढाला, सिवान में कक्षा 1 से 5 तक की 20 छात्राओं को निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी। चयनित छात्राओं को ट्यूशन शुल्क से पूर्ण छूट, निःशुल्क अध्ययन सामग्री, प्रवेश सहायता, व्यक्तित्व विकास, नैतिक शिक्षा तथा अंग्रेजी एवं डिजिटल शिक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
ट्रस्ट ने इस योजना के लिए प्रवेश प्रक्रिया (Admission Open) शुरू कर दी है। इच्छुक अभिभावक एवं छात्राएं 10 अगस्त 2026 तक ट्रस्ट के लक्ष्मीपुर, सिसवन ढ़ाला, सिवान स्थित कार्यालय में आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। चयनित छात्राओं की मेरिट सूची 12 अगस्त 2026 को जारी की जाएगी, जबकि कक्षाएं 17 अगस्त 2026 से प्रारंभ होंगी।
ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष माला मेश्राम ने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित होने वाली प्रतिभाशाली बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर प्रदान करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। उन्होंने अभिभावकों से समय रहते आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि सीमित सीटों के कारण पात्र छात्राओं का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।


