सम्राट चौधरी ने राष्ट्रमंडल यूथ चेस चैंपियनशिप 2026 (अंडर-18) के विजेता मो. रेयान को 22 लाख 50 हजार रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया। यह सम्मान समारोह पटना स्थित लोक सेवक आवास के संकल्प सभागार में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मो. रेयान की यह उपलब्धि राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने रेयान को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बिहार के युवा अब खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने मो. रेयान को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। समारोह के दौरान रेयान के माता-पिता और उनके प्रशिक्षक भी उपस्थित रहे। मो. रेयान ने हाल ही में आयोजित राष्ट्रमंडल यूथ चेस चैंपियनशिप 2026 (अंडर-18) में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया था।


