डॉ. बी. आर. आंबेडकर स्टेडियम में 65वें सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में मोहाली के मिनर्वा पब्लिक स्कूल (एमपीएस), सीआईएससीई ने केरल के एमआईसी ईएमएचएसएस (मकदूमिया इस्लामिक कल्चरल इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल) को 3-2 से हराकर जूनियर बालक अंडर-17 चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
रोमांचक फाइनल मुकाबले में एमपीएस मोहाली ने शुरुआत में ही बढ़त बना ली। चेतन तिवारी ने मैच के सातवें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। हालांकि, पहले हाफ के अंतिम क्षणों में एमआईसी ईएमएचएसएस ने वापसी की। तौफीक ने 37वें मिनट के अतिरिक्त समय में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके साथ ही मध्यांतर तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं।
एमपीएस मोहाली ने दूसरे हाफ की शुरुआत में लगातार दो तेज गोल कर मुकाबले में निर्णायक बढ़त हासिल कर ली। 40वें मिनट में पुनशिबा मेइतेई ने गोल कर टीम को एक बार फिर बढ़त दिलाई। इसके बाद 46वें मिनट में मोहम्मद आजम खान ने शानदार गोल करते हुए स्कोर 3-1 कर दिया।
मैच के अंतिम चरण में एमआईसी ईएमएचएसएस ने जोरदार आक्रमण किया और 65वें मिनट में गोल कर अंतर को 2-3 तक सीमित कर दिया। मुकाबले के आखिरी पलों में केरल की टीम ने लगातार दबाव बनाए रखा, लेकिन एमपीएस मोहाली के खिलाड़ियों ने मजबूत रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन करते हुए बढ़त कायम रखी और अंततः 3-2 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंहऔर सुब्रतो मुखर्जी खेल शिक्षा सोसाइटी के अध्यक्ष उपस्थित रहे। उन्होंने फाइनल के मुख्य अतिथि और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सदस्य सुरेश रैना के साथ विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने टूर्नामेंट में योगदान के लिए खिलाड़ियों, भाग लेने वाले स्कूलों, टीमों और प्रायोजकों की सराहना की। उन्होंने जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना और खेल भावना सबसे अधिक मायने रखती है। उन्होंने रोमांचक और कड़े मुकाबले के लिए फाइनल में पहुंची दोनों टीमों की भी सराहना की। इसके बाद एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के समापन की घोषणा की।
विजेताओं को 5,00,000 रुपये (पांच लाख) और रनर-अप को 3,00,000 रुपये (तीन लाख) की पुरस्कार राशि मिली।
सुब्रतो कप के इस वर्ग में कुल 83 मुकाबले खेले गए। ये मुकाबले दिल्ली के पांच मैदानों डॉ. बी. आर. आंबेडकर स्टेडियम, तेजस फुटबॉल ग्राउंड, पिंटो पार्क फुटबॉल ग्राउंड, सुब्रतो फुटबॉल ग्राउंड और राजोकरी फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित किए गए। जूनियर बालिका अंडर-17 वर्ग में झारखंड के गुमला स्थित सेंट पैट्रिक हाई स्कूल ने आइजोल के स्प्रिंगफील्ड हायर सेकेंडरी स्कूल, एनसीसी को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, बेंगलुरु में खेले गए फाइनल मुकाबले में पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम स्थित माणिकपारा विवेकानंद विद्यापीठ ने असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन सीनियर सेकेंडरी स्कूल को हराकर सब-जूनियर बालक अंडर-15 वर्ग का खिताब जीता।


