भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी) और नेटफ्लिक्स ने भारत के 100 छात्रों एवं कामकाजी पेशेवरों के लिए स्कॉलरशिप की घोषणा की है। इस पहल के तहत छह प्रोफेशनल प्रोग्राम्स की फीस पर 80 प्रतिशत तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इनमें दो एक-वर्षीय डिप्लोमा और चार छह-महीने के सर्टिफिकेट कोर्स शामिल हैं।
डिप्लोमा कार्यक्रमों में इंटरैक्टिव कॉमिक्स एंड सीक्वेंशियल आर्ट्स तथा विजुअल इफेक्ट्स मास्टरी शामिल हैं। वहीं, सर्टिफिकेट कोर्स में वर्चुअल आर्ट डिपार्टमेंट कंटेंट क्रिएटिविटी, मीडिया टेक वर्कफ़्लो, आर्ट ऑफ कैरेक्टर एनिमेशन और ई-स्पोर्ट्स एंड गेमिंग मैनेजमेंट शामिल हैं। ये स्कॉलरशिप पूरे भारत के विद्यार्थियों और प्रोफेशनल्स के लिए उपलब्ध होंगी।
यह पहल 5 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारंडोस के बीच हुई बैठक के बाद सामने आई। इसका उद्देश्य भारत की समृद्ध कहानी कहने की परंपरा और रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देकर देश को एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करना है।
आईआईसीटी के विजुअल इफेक्ट्स मास्टरी और मीडिया टेक वर्कफ़्लो पाठ्यक्रम नेटफ्लिक्स के सुझावों और वैश्विक इंडस्ट्री मानकों के अनुरूप तैयार किए गए हैं। संस्थान के अनुसार, यह सहयोग विद्यार्थियों को उद्योग-केंद्रित कौशल और व्यावहारिक कार्यप्रणाली से जोड़कर भारत की ‘ऑरेंज इकोनॉमी’ यानी रचनात्मक अर्थव्यवस्था के लिए भविष्य का कुशल कार्यबल तैयार करने में मदद करेगा।


