महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग ने महिलाओं के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-233-6112 की शुरुआत की है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से प्रदेश की महिलाएं सीधे आयोग से संपर्क कर अपनी शिकायतें, समस्याएं, सुझाव और सहायता संबंधी जानकारी दर्ज करा सकेंगी।
भोपाल स्थित राज्य महिला आयोग कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव, सदस्य साधना स्थापक तथा सचिव सुरेश तोमर ने हेल्पलाइन का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में आयोग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
अध्यक्ष रेखा यादव ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को न्याय और सहायता तक सरल एवं त्वरित पहुंच उपलब्ध कराना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यह हेल्पलाइन महिलाओं और आयोग के बीच सीधा संवाद स्थापित करेगी, जिससे शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
सदस्य साधना स्थापक ने कहा कि आयोग का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और न्यायपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है। वहीं सचिव सुरेश तोमर ने बताया कि हेल्पलाइन शिकायत पंजीयन, मार्गदर्शन, परामर्श और मामलों के फॉलोअप के लिए एक प्रभावी माध्यम के रूप में कार्य करेगी। आयोग ने प्रदेश की महिलाओं से आवश्यकता पड़ने पर निःसंकोच हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील की है।


