भारतीय पुरुष अंडर-18 हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान के काकामिगाहारा में खेले गए पुरुष अंडर-18 एशिया कप 2026 का खिताब जीत लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान जापान पुरुष अंडर-18 हॉकी टीम को 4-1 से हराकर एशियाई हॉकी में अपनी श्रेष्ठता साबित की। भारत की जीत के नायक आशीष तानी पूर्ति रहे, जिन्होंने हैट्रिक लगाकर टीम को शानदार सफलता दिलाई।
मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम आक्रामक अंदाज में नजर आई। दूसरे मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को आशीष ने गोल में बदलकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद उन्होंने 28वें मिनट में दूसरा गोल दागा, जबकि कप्तान केतन कुशवाहा ने 30वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। तीसरे क्वार्टर में आशीष ने 34वें मिनट में तीसरा गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत को 4-0 की मजबूत बढ़त दिलाई। जापान के लिए नुमादा गाकू ने 52वें मिनट में एकमात्र गोल किया। पूरे टूर्नामेंट में 13 गोल करने वाले आशीष तानी पूर्ति को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और शीर्ष स्कोरर चुना गया, जबकि गोलकीपर आयुष रजक सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर बने।


