केरल के कोच्चि में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के अंतर्गत ब्रिक्स महिला कार्य समूह (Women Working Group – WWG) की दो दिवसीय बैठक का शुभारंभ हुआ। इस महत्वपूर्ण बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भाग ले रहे हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, महिलाओं के नेतृत्व में विकास तथा सदस्य देशों के बीच सहयोग को और मजबूत बनाना है।
बैठक का उद्घाटन करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक ने सभी प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भले ही ब्रिक्स देश भौगोलिक रूप से अलग-अलग हों, लेकिन महिला सशक्तिकरण के प्रति उनकी साझा प्रतिबद्धता उन्हें एक सूत्र में बांधती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बैठक ज्ञान के आदान-प्रदान, रचनात्मक संवाद और सहयोग को नई दिशा देगी।
भारत की अध्यक्षता के दौरान महिला कार्य समूह के लिए चार प्रमुख प्राथमिकताएँ निर्धारित की गई हैं। इनमें महिलाओं के शासन और नेतृत्व को सशक्त बनाना, वित्तीय एवं डिजिटल समावेशन को बढ़ावा देना, महिला उद्यमिता और कौशल विकास को प्रोत्साहित करना, तथा जलवायु परिवर्तन, खाद्य सुरक्षा और पोषण के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करना शामिल हैं।
अनिल मलिक ने कहा कि इन प्राथमिकताओं ने पिछले कई महीनों से सदस्य देशों के बीच संवाद का मजबूत आधार तैयार किया है और कोच्चि बैठक में भी यही विषय चर्चा के केंद्र में रहेंगे। उन्होंने आशा जताई कि सभी देश साझा समझ विकसित करते हुए ठोस सहमति तक पहुंचेंगे।
यह बैठक भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के विषय “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण” के अनुरूप आयोजित की जा रही है, जो जन-केंद्रित और मानवता-प्रथम दृष्टिकोण को दर्शाती है। कार्य समूह की बैठक के बाद 8 और 9 जुलाई 2026 को कोच्चि में ब्रिक्स की दो दिवसीय मंत्रिस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी।


