आंध्र प्रदेश से होगा ‘विकसित भारत–रोज़गार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ का राष्ट्रीय शुभारंभ

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर राज्य में ग्रामीण विकास योजनाओं, रोजगार सृजन, पंचायत विकास और आजीविका संवर्धन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

बैठक के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि ‘विकसित भारत–रोज़गार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ (VB-G RAM-G) का राष्ट्रीय शुभारंभ 1 जुलाई 2026 को आंध्र प्रदेश से किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के ग्रामीण विकास मंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत विकास योजना, आदर्श पंचायतों तथा शून्य-अपशिष्ट ग्राम पंचायतों के सफल मॉडलों की जानकारी दी जाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने आंध्र प्रदेश को देश के सबसे प्रगतिशील राज्यों में से एक बताते हुए ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उसके नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य के सफल विकास मॉडल अन्य राज्यों के साथ भी साझा किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण विकास की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का व्यापक प्रसार हो सके।

पवन कल्याण ने बताया कि राज्य में ग्रामीण विकास योजनाओं के अंतर्गत किए जा रहे सभी कार्यों को भू-चिह्नित किया गया है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है। लाभार्थियों के सत्यापन के लिए चेहरा पहचान आधारित प्रणाली भी लगभग तैयार है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण सड़कों और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने विकसित भारत–रोज़गार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत राज्य को 7,700 करोड़ रुपये से अधिक की अंतरिम राशि उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। बैठक में ग्रामीण आजीविका, कॉफी बागान गतिविधियों तथा ‘लखपति दीदी’ स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने पर भी चर्चा हुई।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles